पीलीभीत। पुलिस अभी चोरी की पुरानी घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी थी कि चोरों ने पॉश गोदावरी स्टेट कॉलोनी में दस्तक दे डाली। बरेली में तैनात को-ऑपरेटिव के इंजीनियर के बंद मकान के ताले तोड़कर घुसे चोर लाखों का नकदी-जेवरात समेट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई कर अपनी ड्यूटी पूरी कर ली। इतना ही नहीं न तो फील्ड यूनिट बुलाया गया, न ही डॉग स्क्वाड को सुरागरसी के लिए बुलाया गया।
कोतवाली क्षेत्र के गोदावरी स्टेट कॉलोनी निवासी महेंद्र कुमार गर्ग को-ऑपरेटिव सोसायटी में इंजीनियर हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती बरेली में चल रही है। उनके मकान में परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं, जोकि सप्ताह भर पूर्व बरेली चले गए थे। मकान के निचले हिस्से में प्रीता पत्नी मोहन किराए पर रहती हैं। उनके पति बंगलुरु में नौकरी करते हैं। बुधवार दोपहर को प्रीता मकान को ताला लगाकर अपने मायके शहर की आवास विकास कॉलोनी चली गई थीं। इस बीच चोरों ने किसी समय बंद मकान को निशाने पर ले लिया। मेनगेट पर लगा ताला तोड़कर चोर भीतर घुस गए। इसके बाद दोनों मंजिलों पर बने कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगाल लिया। महेंद्र के हिस्से से चोर 10 तोला सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये समेट ले गए, जबकि किराएदार प्रीता के कमरों से पांच तोला सोने के जेवरात और 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे प्रीता मायके से वापस आईं तो उनको घटना का पता लगा। इसकी सूचना उन्होंने बरेली में रह रहे मकान मालिक महेंद्र कुमार गर्ग को दी। दोपहर तक महेंद्र के परिवार वाले भी आ गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस पर सिविल लाइन चौकी पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची और जल्द खुलासे का आश्वासन देकर चलती बनी। सुरागरसी के लिए डॉग स्क्वाड और फील्ड यूनिट टीम को भी नहीं बुलाया गया। पीड़ित से कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है।
नौकर से पुलिस ने बरामद की सोने की चेन
मोहल्ला मोहम्मद फारूख निवासी अरुणेश मिश्रा पत्नी सुधीर कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 18 मई को वह मकान को ताला लगाकर परिवार समेत बाहर गई थीं। इस बीच उनके मकान का ताला तोड़कर चोर ढाई लाख के जेवरात चोरी कर ले गए थे। उन्होंने अपने नौकर कांशीराम कॉलोनी ट्रांसपोर्ट नगर निवासी रवि पर शक जताया था। कोतवाल वीके मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। आरोपी नौकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। नौकर का कहना है कि उसने सिर्फ एक चेन ही चोरी की थी। जिसको सराफ को बेच दिया था। इस चेन को बरामद कर लिया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर भेजी गई थी। तहरीर मिलने पर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी