न्यूरिया (पीलीभीत)। टनकपुर हाईवे पर जनकपुरी गांव के पास पीछे से आई कार ने एक बाइक को रौंद दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होने के बाद पेड़ से टकरा गई। इसमें बाइक चला रहे मोहन स्वरूप (18) की मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। बाइक चलाते वक्त मोहन स्वरूप ने हेलमेट नहीं लगाया था।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के मैदना गांव निवासी मोहन स्वरूप पुत्र लालाराम दिल्ली में मजदूरी करता था। वह होली पर घर आया था। उसे पांच अप्रैल को दिल्ली जाना था। मंगलवार दोपहर मोहनस्वरूप गांव के ही सोनू के साथ भौरियाई गांव जाने को घर से निकला था। टनकपुर हाईवे पर जनकपुरी गांव के पास पहुंचने पर उसकी बाइक में पीछे से आई कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची न्यूरिया पुलिस ने दोनों को उठाकर सीएचसी भिजवा दिया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते पर डॉक्टर ने मोहनस्वरूप को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहन स्वरूप तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई 15 वर्षीय अमन और 12 साल का राकेश हैं।