पूरनपुर (पीलीभीत)। स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से पनप रहे सिरसा गांव में कच्ची शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसपी की स्पेशल टीम ने छापामारी कर सफलता हासिल की। सीओ पूरनपुर के नेतृत्व में टीम ने छापामारी कर वर्षों से संचालित हो रही अवैध भट्टी को पकड़ा। हालांकि तीनों आरोपी भागने में सफल रहे। भारी मात्रा में बरामदगी कर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है।
पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में लंबे समय से पुलिस की मिलीभगत से कच्ची शराब का कारोबार किए जाने की सूचना एसपी कलानिधि को मिल रही थी। जिसको लेकर कई बार स्थानीय पुलिस से कार्रवाई के लिए कहा गया, लेकिन नतीजा शून्य रहा। ऐसे में एसपी ने सीओ पूरनपुर अनुराग दर्शन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। जिसमें माधोटांडा एसएचओ इंद्र सिंह समेत पुलिस व पीएसी को शामिल किया गया। खास बात रही कि इस टीम में कोतवाली पूरनपुर पुलिस नहीं रही। इसके बाद गांव में दबिश दी गई। जिसमें पुलिस ने वर्षों से संचालित हो रही अवैध शराब भट्टी पकड़ी। मौके से 100 लीटर शराब, दो सौ किग्रा लहन, तीन किग्रा यूरिया व उपकरण बरामद किए। शराब को गड्ढों में छिपाया हुआ था। जबकि तीन आरोपी सोबरन, शिवशंकर और चेतराम मौके से भागने में कामयाब रहे। सीओ अनुराग दर्शन ने बताया कि बरामद शराब व उपकरण को कब्जे में लेकर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
-----------