हत्या के बाद जंगल में छिपाया गया था युवती का शव
पीएम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, नहीं हो सकी शिनाख्त
चौकीदार की तहरीर पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने की दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर/जोगराजपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार को झाड़ियों में मिले युवती के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होना पाया गया है। सेहरामऊ पुलिस ने सूचना देने वाले क्षेत्र के चौकीदार की ओर से अज्ञात के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज की है। कई प्रयास के बाद छठे दिन भी युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस युवती की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है, ताकि उसके हत्यारों तक पहुंचा जा सके।
मंगलवार शाम को पुलिस ने गांव नवदिया दुर्जनपुर निवासी चौकीदार की सूचना पर थाना क्षेत्र के मैलानी जंगल से एक युवती का करीब पंद्रह दिन पुराना झाड़ियों में छिपा क्षतविक्षत शव बरामद किया था। 25 से 30 साल उम्र की यह युवती हरा पीले रंग का कुर्ता, हरे रंग की सलवार, सफेद जूता मोजे पहने थी। शरीर पर पुलिस को कोई चोट का निशान नहीं मिला था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की गला घोंटकर हत्या होना पाया गया है। एसओ राजकुमार भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। चौकीदार सुभाष की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि युवती की शिनाख्त के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शिनाख्त होने पर उसके हत्यारों तक पहुंचा जा सके।
00
सीरिया में निर्दोषों की हत्या पर की निंदा
पूरनपुर। सपा कार्यकर्ताओं ने सीरिया में छोटे बच्चों और निर्दोष लोगों की हत्याओं पर दुख व्यक्त किया गया। साथ ही भारत सरकार से मानवता को लेकर संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से हमलों को रुकवाने की मांग की गई। नगर पालिका सदस्य तौफीक अहमद कादरी, हाफिज उस्मान नूरी, समी रजा, खालिद रजा, नादिर रजा बरकाती, अंग्रेज सिंह, ओमकार गुप्ता, सबलू खां आदि थे।