एक महीने बाद पुलिस ने किशोरी को तलाशा
हजारा पुलिस ने कराया मेडिकल, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
हजारा/पीलीभीत। 29 नवंबर से लापता चल रही किशोरी को तलाशने में पुलिस कामयाब हो गई है। मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किशोरी को लोधीपुर से तलाशा। अब उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बयान की तैयारी कराई जा रही है।
हजारा थाना क्षेत्र की निवासी एक 16 वर्षीय किशोरी को लोधीपुर निवासी अफजल बहला फुसलाकर 29 नवंबर 2017 को अपने साथ ले गया था। दूसरे दिन 30 नवंबर को उसको अगवा करने का आरोप लगाते हुए भाई ने तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने अफजल समेत पांच के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए। इधर, मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव के हालात बन रहे थे। मंगलवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना पर थाना पुलिस ने लोधीपुर गांव में दबिश देकर किशोरी को ढूंढ निकाला। एसएचओ शैलेंद्र पाल सिंह ने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। अभी आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है, गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।