माधोटांडा। घर से तीन किलोमीटर दूर कलीनगर पुल पर जाकर एक वृद्ध ने हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगा खुदकुशी कर ली। एक किलोमीटर दूर चित्तरपुर गांव के पास नहर से वृद्ध का शव मिला। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। इसमें परिजनों ने बीमारी के चलते जान देने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना माधोटांडा क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी 65 वर्षीय रामप्रसाद पुत्र मैकूलाल पिछले काफी समय से बीमार थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे तक वह घर के बाहर बैठे रहे। इसके बाद परिवार वालों को बिना बताए मकान से तीन किलोमीटर की दूरी पर कलीनगर पुल पर पहुंच गए। यहां उन्होंने हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। करीब एक किमी आगे चित्तरपुर गांव के पास लोगों ने नहर में वृद्ध के शव को देखा तो शोर मच गया। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। शव को बाहर निकालने के बाद सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कलीनगर चौकी प्रभारी बालकराम मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त कर परिजनों को भी बुला लिया। इस दौरान बेटे ओमप्रकाश ने बीमारी के चलते कई दिनों से परेशान रहने की बात कही। इसी में खुदकुशी करने की आशंका जताई। इंस्पेक्टर उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन बीमारी से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात कह रहे हैं। किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई मामले में नहीं की गई है। उधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मृतक के तीन पुत्री व एक पुत्र हैं। पिता की मौत के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।