पूरनपुर। राज्य भंडारण निगम के सहायक प्रबंधक राधेश्याम की गला दबाकर 24 सितंबर को एक होटल में हुई हत्या के मामले में विवेचना अब क्राइम ब्रांच करेगी। अब तक विवेचना प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के पास थी। राधेश्याम के पुत्रों ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर विवेचना स्थानांतरित कराने की मांग की थी।
शाहजहांपुर के मोहल्ला गदियाना निवासी और रंपुरा के राज्य भंडारण निगम के सहायक प्रबंधक राधेश्याम का शव 24 सितंबर की शाम को नगर के एक होटल के कमरे में मिला था। पुलिस ने राधेश्याम के पुत्र अजय कुमार की ओर से एसडब्ल्यूसी के गोदाम प्रभारी पंकज वर्मा, कांस्टेबल राहुल पांचाल और एक अन्य के खिलाफ हत्या और रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर राधेश्याम की हत्या होना स्पष्ट हुआ था। पुलिस ने जांच में पंकज वर्मा को निर्दोष पाया। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि घटना के दिनों पंकज लखनऊ में एक प्रशिक्षण में थे। प्रशिक्षण दे रहे अफसरों ने पंकज की मौजूदगी प्रशिक्षण में होना लिखित दिया। इसके बाद किसी अन्य की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। राधेश्याम के पुत्रों ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर विवेचना अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त मामले की विवेचना कोतवाली से हटाकर अब क्राइम ब्रांच को सौंपने के आदेश हुए है।