खेकड़ा (बागपत)। जैन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे नोएडा निवासी व्यक्ति की कार से दिन दहाडे़ 63 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। जैन समाज के लोगों ने विरोध जताकर पुलिस से अविलंब चोरों का सुराग लगाकर नगदी बरामद करने की मांग की।
रविवार को नगर के छोटा बाजार स्थित श्री शांति नाथ दिगंबर जैन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुबह करीब सात बजे नोएडा निवासी मनोज जैन पुत्र रमेश चंद जैन भी क्रेटा कार से पहुंचे। मनोज पांडव चौक पर मार्ग किनारे कार खड़ी कर मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे। करीब दस बजे जब मनोज जैन नोएडा वापस जाने के लिए कार में बैठे तो उसमें रखा पर्स गायब मिला। मनोज ने बताया कि पर्स में 63 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा पैन कार्ड भी रखे थे। चोरी की सूचना मिलने पर जैन समाज के लोगों की भीड़ लग गई और चोरी को लेकर रोष जताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। जैन समाज के लोगों ने विरोध जता पुलिस से चोर का सुराग लगाकर नगदी बरामद कराने की मांग की। इस दौरान सुमेर चंद जैन, अंकुश जैन, अजेश जैन, नरेश चंद जैन, जिनेश जैन, राहुल जैन, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।