बीएसएनएल टावर पर चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों का सामान लूटा
खेकड़ा (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बीएसएनएल टावर से दिनदहाडे़ बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सामान की लूट की। पाठशाला पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर घटना होने से हड़कंप मच गया।
शुक्रवार शाम छह बजे हाइवे पर तहसील परिसर की दीवार से सटे बीएसएनएल के टावर पर बदमाशों ने धावा बोला। चौकीदार अंबुज ने बताया कि बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर उसके हाथ पैर बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांधकर अंदर कमरे में डाल दिया। इसके बाद टावर को पावर देने वाला 24 बैट्री का सैट और जनरेटर की एक बैटरी सहित अन्य लोहे का सामान लूट ले गए। शुक्रवार सुबह किसी राहगीर ने टावर पर चौकीदार का शोर सुना और दरवाजा खोलकर उसके हाथ पांव खोले। तभी पुलिस और बीएसएनएल के अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस पहुंची और जांच की। थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। उनका जांच सही निकला तो शीघ्र खुलासा हो जाएगा।
पहले भी लूट चुके है इस टावर के बैटरे
बीएसएनएल के एसडीओ आरपी हुण ने बताया कि तहसील कार्यालय और पाठशाला चौकी के बीच का टावर बेहद सुरक्षित स्थान मानकर लगाया गया था। लेकिन यह टावर विभाग के लिए घाटे का सौदा बन गया है। शुक्रवार को इस लूट से पूर्व भी एक बार पहले टावर के इस 24 बैटरी के सैट को लूटकर ले जाया जा चुका है। एसडीओ आरपी हुण ने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले की सही जांच कर खुलासा करेगी।
----
चौकीदार के पिता ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
टावर पर तैनात चौकीदार के पिता संजीव शर्मा ने पुलिस पर उनके पुत्र का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। कहा कि वह बेहद गरीब आदमी है। उनका पुत्र चौकीदारी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है। वह मुख्यमंत्री और डीजीपी को पत्र लिखकर न्याय की मांग करेंगे।