पूरनपुर में कोतवाली गेट के सामने एकत्र होकर आक्रोश व्यक्त करते लोग। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर (पीलीभीत)। आपत्तिजनक टिप्पणी का मेसेज व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल किए जाने के विरोध में मुस्लिम समुदाय के लोग आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे। आरोपी पक्ष के कुछ लोगों से नोकझोंक होने पर एकत्र लोगों की कोतवाली में भीड़ बढ़ गई। हंगामे भरे महौल पर सीओ, कोतवाल ने बमुश्किल लोगों को समझाया। कार्रवाई की मांग को लेकर लोग करीब डेढ़ घंटे तक कोतवाली गेट पर एकत्र रहे। आरोपी के हिरासत में लेने और उस पर रिपोर्ट दर्ज होने पर वे बमुश्किल शांत हुए।
एक व्हाट्सएप ग्रुप पर मोहल्ला कायस्थान निवासी अधिवक्ता राहुल सक्सेना पर एक वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए शाम पांच बजे मुस्लिम वर्ग के तमाम लोग कोतवाली पहुंचे। आरोपी पक्ष में कुछ लोगों के पहुंचने पर कोतवाली में दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। नोकझोंक करने वालों का कहना था कि धोखे से मेसेज फॉरवर्ड हो गया। इसके लिए संबंधित व्यक्ति अपनी गलती मान रहा है। मगर आक्रोशित लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए। हंगामे का माहौल होने लगा। आक्रोशित लोग आरोपी पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मोहल्ला रजागंज निवासी मोहम्मद अरबाज रजा ने आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। कोतवाल अशोक पाल ने शीघ्र रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया। रिपोर्ट दर्ज न होने तक आक्रोशित लोग शाम साढ़े छह बजे तक कोतवाली गेट पर जुटे रहे। रिपोर्ट दर्ज होने और उसे हिरासत में लेने पर आक्रोशित लोग शांत हुए। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि मोहल्ला कायस्थान निवासी राहुल सक्सेना पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।