पूरनपुर। बंद घर में घुसे चोरों ने कमरों और सेफ के ताले तोड़कर पशु चिकित्सा विभाग रिटायर कर्मचारी के यहां से नकदी और जेवर समेत 10 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। कर्मचारी अपनी पुत्रियों के पास गुरुग्राम गया था।
चोरी की घटना नगर के असम हाईवे से सटे गांव नरायनपुर में हुई। पशु चिकित्सा विभाग के रिटायर मनोरंजन पाल ने बताया कि पत्नी नीलिमा पाल के साथ पांच सितंबर को घर में ताले डालकर पुत्रियों से मिलने गुरुग्राम गया था। वह 12 सितंबर को घर लौटे तो घर पर ताले टूटे मिले और जेवर आदि चोरी हो गया था। उन्होंने बताया कि चोरों ने घर की मुख्य दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। कमरों और सेफ के ताले तोड़कर चोरों ने सोने के पांच सेट हार, चार अंगूठी, दो जोड़ी कंगन, चार चूड़ी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमके, चार जोड़ी चांदी की पायल और 15 हजार रुपये की चोरी कर ली। कुल मिलाकर दस लाख रुपये का माल चोरी हुआ है। कोतवाल हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है।