बिलसंडा। नगर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में पड़ी बजरी के ढेर के पास रविवार सुबह चौकीदार का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर में निर्माणाधीन पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के ठेकेदार असलम ने बताया कि आठ माह से हीरादल (48) गेस्ट हाउस की चौकीदारी कर रहे थे। चौकीदार हीरादल पुत्र शांतिदल उत्तराखंड के थाना मासी के गांव चौखटिया का मूल निवासी थे। आठ वर्ष पहले अपनी पत्नी शांति और अपने दो बच्चों के साथ बरेली के थाना कैंट के कांधरपुर लाल फाटक के पास रह रहे थे। रविवार की सुबह उनका शव मैदान में पड़ी बजरी के ढेर के पास पड़ा मिला। पड़ोस के दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की जिसमें चौकीदार के बिस्तर के नीचे शराब की बोतल एवं कुछ दवाइयां भी मिलीं। इसके बाद चौकीदार के परिवार को सूचना दी गई। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।