पीलीभीत। एक दिन पहले घर से बिना बताए लापता हुए एक युवक का शव दूसरे दिन यशवंतरी देवी मंदिर के पास एक आम के बाग में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी के पास बसी कर्मचारी कॉलोनी निवासी आदेश ने बताया कि उसका 25 वर्षीय भाई नेमचंद बृहस्पतिवार शाम छह बजे बिना बताए घर से निकल गए थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इस पर परिवार वाले उनकी तलाश करते रहे, मगर कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह यशवंतरी देवी मंदिर के पास एक आम के बाग में उसका शव पड़ा मिला। शरीर पर किसी तरह की चोट का कोई भी निशान नहीं था। शव पड़ा देखकर लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम और कोतवाल मदन मोहन चतुर्वेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों की मदद से शव की शिनाख्त करने के बाद सूचना परिवार वालों को दी। मृतक के भाई आदेश ने शव की शिनाख्त की। परिवार वाले उसकी मौत के पीछे की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं।
सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने की बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।