पूरनपुर। घर से निकले युवक ने गांव के कंपोजिट स्कूल में पेड़ पर फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पर गांव के तमाम लोग मौके पर एकत्र हुए। परिवार वालों के पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिवार के लोगों को सौंप दिया।
घटना सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव हरीपुर किशनपुर की है। गांव निवासी रामसागर का पुत्र अमन (20) घर से कुछ देर में आने की बात कहकर शुक्रवार शाम को गांव में निकल गया था। काफी देर तक उसके घर न लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश की। मगर उसका सुराग नहीं लग सका। शनिवार को सुबह गांव के कंपोजिट स्कूल में आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से अमन का शव लटकता हुआ कुछ लोगों ने देखा।
सूचना पर एसओ सेहरामऊ उत्तरी आशुतोष रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि अमन के परिवार वालों ने कार्रवाई से इनकार कर शव का पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। इस पर शव का पंचनामा भरकर परिवार वालों को सौंप दिया गया। अमन अविवाहित और दो भाईयों में छोटा था।