पीलीभीत। ईसाई धर्मगुरु और सेंट एलायिसस कॉलेज के फादर से सोशल साइट्स पर एक युवक ने उनके ऊपर अभद्र भाषा का प्रयोग, ईसाई धर्म पर टिप्पणी करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने ईसाई धर्मगुरु की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेंट एलायिसस कॉलेज के फादर और ईसाई धर्मगुरु विवियन फर्नाडिस ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके कॉलेज प्रांगण के बराबर में रहने वाला मयंक मैथ्यू उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। कुछ दिन पहले उसने अपने फेसबुक अकाउंट से ईसाई धर्म पर और उन पर टिप्पणी करते हुए ईसाई धर्म को मानने वाले लोगों से चर्च न जाने की अपील की है। इतना ही नहीं उन्हें कई बार कैंपस में घुसकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे चुका है। पूर्व मे कई बार वह चर्च में भी उत्पात कर चुका है। इस पर ईसाई धर्मगुरु विवियन फर्नाडिस ने बुधवार को कोतवाली में उसके खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर टीम से फेसबुक अकाउंट चेक कराया जा रहा है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा। - वीरेंद्र विक्रम सीओ सिटी