पूरनपुर। डोडा तस्करी का आरोप लगाकर ढाबा मालिक से 1.10 लाख रुपये वसूली के आरोप में घिरे तीन सिपाहियों को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा इस प्रकरण की जांच के लिए पुलिस ने पूरनपुर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए ढाबा मलिक और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।
नगर निवासी अमजद हुसैन उर्फ गुड्डू की असम हाईवे के सिरसा चौराहा पर मिठाई की दुकान और असम हाईवे पर ढाबा है। ढाबा को उसका भाई हामिद हुसैन चलाता है। गुड्डू, जमाल, राजीव तीन अज्ञात सहित 25 लोगों पर जून माह में रात्रि बंदी के दौरान दुकान खोलने पर महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि दर्ज रिपोर्ट को निपटाने को उससे 20 हजार रुपये की वसूली की गई। वसूली से संबंधित एक ऑडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल हुआ था, जिसमें एक कांस्टेबल दरोगा कुलदीप से बात होने का तर्क दे रहा था। इसके अलावा ढाबा पर डोडा तस्करी का आरोप लगाते हुए चार कांस्टेबलों ने उससे 1.10 लाख रुपये की वसूली की थी। गुड्डू ने इसकी शिकायत शुक्रवार को एसपी से की। एसपी ने वसूली के आरोपी कांस्टेबल सुरेंद्र पटेल, हनुमान यादव, विक्की को लाइन हाजिर कर दिया।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने शनिवार को टीम के साथ नगर में पहुंचकर जांच शुरू की। जांच में ढाबा कर्मचारियों से पूछताछ की गई। घटना स्थल जहां ढाबा मालिक से रुपये लिए गए थे। उस स्थान पर गुड्डू को साथ ले जाकर जानकारी की। जांच के दौरान टीम के सामने आए एक आरोपी कांस्टेबल को पहचानते हुए गुड्डू ने वसूली करने वाली टीम में उसके भी शामिल होने की जानकारी जांच अधिकारी को दी।
ढाबा मालिक और उसके भाई पर फैसला का बनाया जा रहा दबाव
ढाबा मालिक गुड्डू पर फैसला करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसमें कुछ पुलिसकर्मी और पुलिस के दलाल लगातार गुड्डू की दुकान के चक्कर काट रहे हैं। गुड्डू ने बताया कि फैसला न करने पर लोग उसे जेल जाना पक्का होने की बात कहकर धमका रहे हैं।