बिलसंडा। पिता के साथ बैंक से रुपये निकालने के लिए पहुंचे दिव्यांग युवक से एक बदमाश बैंक परिसर के अंदर ही झपट्टा मारकर रुपये छीनकर भागने लगा। उसके शोर मचाने पर आरोपी बदमाश को बैंक के बाहर खड़े ग्रामीण और गार्ड ने पकड़ लिया। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पीड़ित की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा क्षेत्र के गांव कुईया मौहलिया निवासी 24 वर्षीय दलजीत सिंह ने बताया कि वह पैर से दिव्यांग है। खेतीबाड़ी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उसका एक बचत खाता बिलसंडा कस्बे में गोला रोड पर स्थित पीएनबी बैंक में चल रहा है। जिस बंद कराने के लिए सोमवार सुबह बाइक से साढ़े दस बजे अपने पिता भूपेंद्र सिंह के साथ आया हुआ था। पीड़ित बैंक के अंदर चला गया। उसके पिता बैंक के बाहर ही रुक गए थे। खाता बंद कराने के बाद उसने कैश काउंटर से खाते में जमा 55,432 रुपये का भुगतान निकाला। रुपये काउंटर से लेने के बाद बैंक परिसर में खड़े होकर नोट की गिनती कर रहा था। तभी अचानक उसके पास खड़े एक युवक ने उसके हाथ से झपट्टा मारकर रुपये छीन लिए और बैंक के बाहर भागने लगा। युवक के शोर मचाने पर बैंक के गेट पर खड़े गार्ड और अन्य ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पहले तो आरोपी लूट के आरोप गलत बताते हुए बैंक में खाता खुलवाने की बात कहने लगा। जब उसकी तलाशी ली गई। तो उसके पास दिव्यांग युवक से छीने गए रुपये भी बरामद हुए। लूट की सूचना मिलने पर पहुंची बिलसंडा पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेने के बाद बैंक में लगे सीसीटीवी को चेक किया। तो मामला सही पाया गया। इस पर पुलिस आरोपी को थाने ले आई। जहां उसे पूछताछ की गई तो आरोपी ने खुद को शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के गांव बरगदा निवासी पवनेश यादव पुत्र विशंभर बताया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर की पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को बैंक के बाहर लोगों ने पकड़ लिया था। युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। उसका आपराधिक इतिहास तलाश कराया जा रहा है।