पीलीभीत। वाहन चेकिंग के दौरान बाइक से गिरकर महिला के घायल होने के मामले में हुए हंगामे के बाद शुरूआती जांच में ही पुलिस को क्लीन चिट दे दी गई। अधिकारियों ने छानबीन के बाद पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों का पूरी तरह बचाव किया। जांच में कहा गया कि स्पीड ब्रेकर में पहिया डगमगाने से बाइक गिरी और उस पर बैठी महिला गिरकर घायल हुई। पुलिस के खौफ से महिला के परिजनों ने भी शिकायत से इनकार कर दिया। एसपी ने फिलहाल प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंपी है।
अमरिया थाना क्षेत्र के मुगलाखेड़ा निवासी देवकी नंदन शहर के मोहल्ला जोशीटोला में किराए पर रहते हैं। बृहस्पतिवार शाम सात बजे 30 वर्षीय पत्नी माया देवी और पांच साल के बेटे अंश के साथ वह गांव से बाइक से आ रहे थे। ईदगाह रेलवे क्रासिंग के पास बाइक से गिरकर माया देवी घायल हो गई थीं। पीड़ित बाइक चालक ने आरोप लगाया था कि पुलिस कर्मियों ने उनकी पत्नी की साड़ी खींचकर सड़क पर गिरा दिया, जिससे वह घायल हुईं। मौके पर जुटी भीड़ ने भी पुलिस की इस कार्यशैली के विरोध में जाम लगाकर हंगामा किया था। यह देखकर महिला को बाइक से गिराने वाले पुलिस कमी तो रफूचक्कर हो गए थे, वहीं बाद में पहुंची सुनगढ़ी और कोतवाली पुलिस ने खदेड़ दिया था। प्रदर्शनकारियों को एफआईआर की चेतावनी भी दी गई। इसी का नतीजा है कि जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद महिला परिवार वालों के साथ अपने घर चली गई। परिवार वालों ने भी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इस मामले में महिला के परिवार ने पुलिस के दबाव में शिकायत नहीं की।
पुलिस ने गढ़ी अपनी कहानी
दूसरे ही दिन पुलिस ने इस प्रकरण को लेकर अपनी नई कहानी गढ़ ली। बताया गया कि वाहन चेकिंग से बचने के लिए चालक ने बाइक दौड़ाई तो उसका पहिया स्पीड ब्रेकर में चला गया। डगमगाने से बाइक गिरी और झटके साथ महिला गिर गई। पहले तो बाइक सवार महिला और उसका पति वहां से चले गए। बाद में कुछ लोगों ने भड़काकर हंगामा कराया। पुलिस की गलती को अधिकारियों ने भी सिरे से ही झुठला दिया है। हालांकि मामले में शोर मचने पर एसपी ने जांच के आदेश भी कर दिए हैं। उधर, न्यूरिया में चेकिंग के दौरान बाइक सवार को डंडा मारकर घायल करने के मामले में भी पुलिस को क्लीन चिट दी गई है। इस मामले में अफसरों का कहना है कि चेकिंग प्वाइंट से तीन किमी दूर जाकर बाइक सवार घायल हुआ। ऐसे में पुलिस पर लगे आरोप सही नहीं है।
अभी तक की पड़ताल में स्पीड ब्रेकर में पहिया जाने पर महिला के गिरने की बात सामने आई है। महिला के परिवार वालों से शिकायत करने को कहा गया तो उन्होंने इनकार कर दिया है। फिर भी सीओ सदर प्रमोद कुमार को जांच दी गई है। पुलिस की गलती मिलने पर कार्रवाई कराएंगे। - जयप्रकाश, एसपी