गजरौला। थाना क्षेत्र के गांव चुड़ैला बंजरिया में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद भड़क गया। इस दौरान एक युवक की ओर से ईंट-पत्थर फेंककर हमला करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग गए।
पुलिस की जांच में सामने आया कि गांव में मंदिर पर लाउडस्पीकर बजाने को लेकर दो पक्षों में पहले से ही विवाद चल रहा था। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे इसी विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विरोध जताए जाने पर एक युवक ने अचानक गालीगलौज करते हुए ईंट-पत्थर उठाकर लोगों पर फेंकना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोग किसी तरह बचते-बचाते दूर हटते रहे लेकिन आरोपी युवक लगातार पत्थरबाजी करता रहा। मामले में ग्रामीण राजेंद्र कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची लेकिन पुलिस के पहुंचते ही आरोपी पक्ष के लोग भाग गए। उन्होंने कहा कि बाद में दोनों पक्षों के बीच सुबह आपसी समझौता हो गया है। संवाद