पीलीभीत। दबिश के दौरान पुलिस टीम ने सट्टेबाजों ने डंडे से हमला कर दिया, जिसमें दो सिपाहियों को चोटें आईं। हालांकि पुलिस ने तीन सट्टेबाजों को मौके पर दबोच लिया, जो शहर में पोस्टर चस्पा करने वाले गैंग के सदस्य हैं। पकड़े गए सट्टेबाजों के पास 56 पोस्टर, 720 रुपये और सट्टा पर्ची बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक सट्टेबाजों ने धंधा बढ़ाने के लिए पोस्टर चस्पा किए थे।
एसपी जयप्रकाश के निर्देश पर पिछले दिनों सट्टेबाजों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान जहानाबाद पुलिस ने दो बार में सात सट्टेबाजों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस की इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए शहर में सट्टेबाजों ने तीन दिन पूर्व जिला अस्पताल रोड, मोहल्ला बशीर खां, छोटी मार्केट आदि में विवादित पोस्टर चस्पा किए थे। इस पोस्टर में सट्टा लगाने की बात लिखी गई थी। पुलिस से सांठगांठ के बारे में भी लिखा था। मामला अफसरों के संज्ञान में पहुंचा तो कोतवाल अतर सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सर्विलांस टीम भी लगी थी। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कई पुराने नामचीन सट्टेबाजों के नाम सामने आए थे।
बृहस्पतिवार रात पुलिस को सट्टेबाजों के मां यशवंतरी देवी मंदिर चौराहा के पास जमा होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाल ने टीम के साथ जाकर दबिश दी। पुलिस को देखकर सट्टेबाजों ने लाठी से पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में दो सिपाही शहनबाज खां और रघुवीर को गुम चोटें आई थीं। हालांकि पुलिस ने तीन सट्टेबाजों मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी मोहम्मद फहमीद, राजू मौर्य और बड़ा खुदागंज निवासी प्रेमशंकर को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीन सट्टेबाज मोहल्ला भूरे खां निवासी अब्दुल वारिस खां उर्फ बट्टू, मोहम्मद वासिल, शारिक उर्फ काला, छोटा खुदागंज निवासी वसीम और मोहल्ला अशरफ खां निवासी अजमल भाग गए। पकड़े गए सट्टेबाजों के पास 56 पोस्टर, 720 रुपये और सट्टा पर्ची बरामद हुई। कोतवाली में पूछताछ के बाद शुक्रवार को पुलिस ने तीनों सट्टेबाजों को जेल भेज दिया।
कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि पोस्टर चस्पा करने वाले गैंग का सरगना फहमीद है। अभियान सट्टेबाज घबरा गए थे। पुलिस की छवि बिगाड़ने और धंधा बढ़ाने के लिए पोस्टर चस्पा किए थे। बरामद पोस्टर भी उसी तरह के हैं।
सट्टेबाजों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पोस्टर चस्पा करने के मामले में तीन सट्टेबाज गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। फरार हुए सट्टेबाजों की धरपकड़ को टीम लगी है। इन पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। - जयप्रकाश, एसपी