कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में माकपा कार्यकर्ताओं का अनशन गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने बीईओ का पुतला भी फूंका। इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है।
माकपा कार्यकर्ताओं ने गणतंत्र दिवस पर विलंब से ध्वजारोहण करने वाले पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय के पूरे स्टाफ को निलंबित करने, दोनों विद्यालयों में मिड डे मील बनवाने और ड्रेस वितरण में बरती गई अनियमितताओं की जांच कराने की मांग को लेकर 18 फरवरी से पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में अनशन शुरू किया था।
अनशन के दूसरे दिन हरप्रसाद, लेखराज और वीरपाल बैठे। अनशनकारियों के समर्थन में पार्टी के प्रेमपाल, बुद्धसेन, नरेश चंद्र, होरीलाल, रामविलास, लालाराम, मेवाराम, रामपाल, अर्जुन, जंडैल सिंह, झनकार सिंह, गुर्जन सिंह और अशोक कुमार भी बैठे। कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगें पूरी न होने पर गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का पुतला भी फूंका।
शिक्षक के स्पष्टीकरण से आया नया मोड़
पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक हरीओम शुक्ला ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह प्रभारी प्रधानाध्यापक नहीं हैं इसलिए ध्वजारोहण करने के मामले में न ही उन्हें घसीटा जाए और न ही दंडित किया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी ने शुक्ला को मामले की दोबारा जांच करने का आश्वासन दिया है।
मालूम हो कि खंड शिक्षा अधिकारी ने हरीओम को प्रभारी प्रधानाध्यापक मानते हुए बुधवार को बीएसए को रिपोर्ट भेजकर उन्हें निलंबित किए जाने की संस्तुति की थी। हरीओम शुक्ला के इस प्रार्थना पत्र से इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है।
---