पीलीभीत। चौबीस घंटे के भीतर जिले में दो बुजुर्ग महिलाओं समेत तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इसके अलावा पूर्व विधायक समेत जनपद भर में 49 नए कोरोना संक्रमित मिले। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमितों को ट्रेस कर उन्हें होम आइसोलेट और कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के मोहल्ला आसफजान की रहने वाली 70 वर्षीय महिला लंबे समय से बीमार चल रही थीं। तीन दिन पहले परिवार वाले उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां एंटीजन किट से कोरोना जांच की गई। जांच में पॉजिटिव निकलने पर उसे बरेली रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह आठ बजे उसकी इलाज के दौरान कोविड अस्पताल बरेली में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बरेली से आए शव का कोविड प्रोटोकॉल के तहत दफन कराया। इसके अलावा पूरनपुर के बंसतपुर नौनेर की रहने वाली 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके परिवार वाले सोमवार रात शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां एंटीजन किट से जांच में वह पॉजिटिव निकली थीं। इस पर डॉक्टरों ने भर्ती करने के बाद कंफर्म करने के लिए आरटीपीसीआर से सैंपल भेजा था। मंगलवार दोपहर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने गांव पहुंचकर कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। वहीं, बीसलपुर के गांव जोगीठेर के पूर्व प्रधान अजय पाल राना ने बताया कि उनके गांव के 59 वर्षीय बुजुर्ग ने 15 दिन पूर्व गांव के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना का पहला टीका लगवाया था। चार दिन पहले उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। परिवार वाले शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां कोरोना जांच की गई। इसमें वह पॉजिटिव निकले। डॉक्टरों ने कोविड अस्पताल में भर्ती करने के लिए कहा, लेकिन परिवार वाले घर ले आए। जहां उनकी सोमवार देर रात मौत हो गई। परिवार वालों ने बिना स्वास्थ्य विभाग को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पूर्व विधायक की तबीयत खराब होने पर कराई गई थी जांच
पूरनपुर के पूर्व विधायक की कुछ दिन पहले अचानक तबीयत खराब हो गई। इस पर परिवार वाले उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनकी कोरोना जांच की गई। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव निकले। हालत गंभीर होने पर परिवार वालों उन्हें बरेली के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं खास बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग पूर्व विधायक के पॉजिटिव होने से अनभिज्ञता जता रहा है। वहीं उनकी पार्टी जिला महासचिव युसूफ कादरी उनके संक्रमित होने की पुष्टि की। उनका कहना है कि अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। एक से दो दिन में छुट्टी मिल जाएगी। इसके अलावा सोमवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में अशोक कॉलोनी, माधोटांडा फाटक, पंकज कॉलोनी, बल्लभनगर कॉलोनी समेत नौ कोरोना संक्रमित निकले। वहीं मंगलवार को एंटीजन किट से अमरिया में एक गर्भवती महिला समेत तीन, बरखेड़ा में एक स्वास्थ्य कर्मी समेत तीन, बिलसंडा में आठ, और शहर में 12 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
प्रवासियों के लिए बनाए गए 10 क्वारंटाइन सेंटर
बाहरी राज्यों में लॉकडाउन लगने के बाद वहां काम करने वाले प्रवासियों की घर वापसी शुरू हो चुकी है। ऐसे में जनपद में संक्रमण का खतरा और न बढ़ जाए। इसके लिए प्रशासन ने शहर के ड्रमंडगंज कॉलेज समेत 10 क्वारंटाइन सेंटर बनाए हैं। जहां बाहर से आने वाले प्रवासियों को रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कोरोना जांच करेगा। संदिग्ध और पॉजिटिव निकलने पर उन्हें क्वारंटाइन किया जाएगा।
कोरोना से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौत हुई थी। दोनों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया है। वहीं बीसलपुर में मरने वाले युवक के बारे में पता कराया जा रहा है। संक्रमितों का चेकअप करने के बाद उन्हें होम आइसोलेट और कोविड अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ