पीलीभीत। महाकुंभ से जुड़ी संतों की एक फोटो को वायरल कर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में युवक को पुलिस ने पकड़ा है। शिवसेना कार्यकर्ता की ओर से मिली तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपी के कांग्रेस नेता होने की बात कही जाती रही, मगर जिलाध्यक्ष ने एक साल पहले ही दूसरी पार्टी में चले जाने की बात कही है।
शिवसेना जिला प्रमुख शैली शर्मा, पृथ्वीराज, प्रेमपाल, नितिन गुप्ता समेत कई कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह कोतवाली पहुंचकर एक शिकायत की। इसमें बताया कि नावल्टी चौराहा के पास हेयर कटिंग की दुकान चलाने वाले असलम अंसारी ने कुंभ में शामिल नागा साधुओं के एक फोटो को वायरल करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इससे समाज के लोगों में आक्रोश है। कार्रवाई न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। दबिश देकर आरोपी को दुकान से ही पकड़कर कोतवाली आ गई। आरोपी ने खुद को अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी का जिलाध्यक्ष बताया था। मगर, जब कांग्रेस नेताओं ने उसके वर्तमान में पार्टी में होने से इनकार कर दिया। जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, नगराध्यक्ष मुनेंद्र पाल सक्सेना ने बताया कि असलम अंसारी पिछले साल ही कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टी में चला गया था। कोतवाल अतर सिंह ने बताया कि आरोपी असलम के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसे हिरासत में ले लिया है। मंगलवार को चालान किया जाएगा।