पीलीभीत। कोरोना संक्रमण के बढ़ने पर मास्क प्रयोग कराने के लिए सख्ती होगी। मास्क की अनदेखी पर जुुर्माना एक हजार रुपये कर ही दिया गया है, वहीं जिला प्रशासन ने भी बाजार समेत अन्य भीड़ वाले इलाकों में पालन कराने को सख्त रणनीति बनाई है। जिस प्रतिष्ठान पर बिना मास्क के लोग मिलेंगे उसे 24 घंटे को बंद करा दिया जाएगा। डीएम ने बैठक कर समस्त एसडीएम को इसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या 200 के पार हो चुकी है। मगर सड़कों पर लापरवाह रवैया लोग अपनाए हैं। खरीदारी के दौरान दुकानों पर भी लोग सामाजिक दूरी का पालन तो दूर की बात मास्क तक नहीं लगा रहे। पिछले दिनों बैठक के दौरान व्यापारियों से अपील की गई थी कि बिना मास्क आने वालों को सामान न दें। मगर इसका भी कोई खास असर दिखाई नहीं दिया था। ऐसे में अब प्रशासन सख्ती का मन बना चुका है। शासन से मिले निर्देशों के बाद डीएम पुलकित खरे ने शत-प्रतिशत मास्क प्रयोग कराने पर जोर दिया है। पुलिस, नगरपालिका के कर्मचारी तो कार्रवाई को लगाए ही गए हैं। वहीं जिम्मेदारी तहसीलवार एसडीएम की तय कर दी गई है। उन्हें प्रतिदिन मास्क की चेकिंग अपनी मौजूदगी में करानी होगी। खास बात यह है कि जिस दुकान पर मास्क का प्रयोग करते लोग नहीं मिले, वह 24 घंटे को तुरंत ही बंद करा दी जाएगी।