पीलीभीत। अमरिया और शहर की रहने वाली दो बुजुर्ग महिलाओं की बरेली में इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई। इसके अलावा जनपद में एंटीजन किट से कराई जांच में 16 नए संक्रमित मिले। रिपोर्ट आने के बाद संक्रमितों को होम आइसोलेट किया गया है। दोनों महिलाओं के शवों का बरेली में कोविड नियमावली के तहत अंतिम संस्कार कराया गया। अब मरने वालों की संख्या 89 हो गई है। वहीं एक्टिव केसों की संख्या 207 पहुंच गई है।
अमरिया ब्लॉक के गांव बरातबोझ निवासी 60 वर्षीय महिला लंबे समय से हार्ट की मरीज थी। 15 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर परिवार वालों ने उन्हें बरेली में भर्ती कराया था। जहां 15 अप्रैल को उनकी कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार तड़के सुबह उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं शहर के मोहल्ला इनायगंज निवासी 62 वर्षीय महिला की बृहस्पतिवार को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिवार वाले शहर के गांधी स्टेडियम रोड पर एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने मामला हार्टअटैक का बताते हुए डॉक्टर ने बरेली रेफर कर दिया। परिवार वालों ने उन्हें बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज से पहले कोरोना जांच की गई तो वह पॉजिटिव निकलीं। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनकी सुबह दस बजे उनकी मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को अमरिया ब्लॉक पर पंचायत चुनाव में लगे 137 लोगों की सैंपलिंग की गई। इसमें टंडोरपुर, देवरनिया, बरातबोझ और रिजर्व में लगाए गए चार एआरओ कोरोना संक्रमित निकले। पूरनपुर में एंटीजन किट से कराई गई जांच में पंचायत चुनाव में बनाए गए एआरओ और घुंघचाई चिकित्सालय में तैनात एक चिकित्सक, नगर पुलिस चौकी इंचार्ज और अशोक कॉलोनी निवासी एक राइस मिलर का पुत्र समेत पांच लोग संक्रमित मिले। वहीं शहर में स्टेशन पर दो और रोडवेज पर शहर का रहने वाला एक यात्री कोरोना संक्रमित मिला। बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद का रहने वाले एक और बिलसंडा के गांव करेली, वार्ड नंबर पांच और मीरपुर में एक-एक कोरोना संक्रमित निकला। तीन संक्रमितों का बरेली में इलाज चल रहा है।
दो महिलाओं की बरेली में मौत हो गई थी। उनका कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया है। साथ ही परिवार वालों की सैंपलिंग कराई है। वहीं पूरे दिन एंटीजन किट से हुई जांच में 16 कोरोना संक्रमित मिले हैं। - डॉ. सीएम चतुर्वेदी, नोडल अधिकारी, कोविड-19