कस्बा बरखेड़ा में शनिवार रात 11 बजे के लगभग विरोध करते लोग संवाद
लगातार फाॅल्ट और कटौती से 10 हजार की आबादी प्रभावित
बरखेड़ा। कस्बे के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट गहरा गया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि मात्र 15 मिनट के लिए बिजली आती है और फिर घंटों के लिए गायब हो जाती। शनिवार की रात उमस भरी गर्मी के बीच बिजली गुल होने से परेशान उपभोक्ता सड़कों पर उतर आए और उन्होंने उपकेंद्र पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया।
कस्बे के वार्ड संख्या तीन, पांच, सात व नौ के साथ ही आसपास के पांच गावों में बिजली व्यवस्था न सुधरने से दिक्कतें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कटौती जारी है। रात भर बिजली न आने से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। बिजली संकट का सीधा असर जलापूर्ति पर पड़ा है। घंटों बिजली न आने से घरों में पानी की मोटर नहीं चल पा रही। पीने के पानी के लिए भी लोग इधर-उधर भटकते हैं। शनिवार की रात उपभोक्ताओं ने बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया।
अवर अभियंता रामेश्वर दयाल ने बताया कि लाइन की केबल जलने से फाॅल्ट आ गया। केबल गोदाम में मौजूद नहीं है। मंगाकर डाली जाएगी। बीसलपुर के एसडीओ (विद्युत) प्रवीण सिंह ने माना कि मुख्य केबल में फॉल्ट आ गया था। उन्होंने बताया कि कर्मचारी मरम्मत में लगे हैं। फिलहाल कम क्षमता वाली केबल से किसी तरह आपूर्ति बहाल रखने की कोशिश की जा रही है। एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही नई केबल डाल दी जाएगी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में सभासद प्रवेश जोशी, आनंद जोशी, रवि जोशी, अजयपाल, रूपलाल सहित दर्जनों लोग शामिल रहे। संवाद