पीड़ित परिवार से मिलकर लौटता कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। दरिंदगी का शिकार हुई बिटिया को इंसाफ दिलाने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर बुधवार को सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। आधा घंटे की बातचीत के बाद लौट गया। इसी सूचना प्रियंका गांधी को दे दी गई है।
प्रियंका गांधी के निर्देश पर उपाध्यक्ष/प्रशासन प्रभारी योगेश दीक्षित ने सात सदस्यीय एक प्रतिनिधि मंडल को नियुक्ति कर बिटिया के परिजन से मुलाकात के लिए भेजा। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व सांसद जफर अली नकवी, पूर्व विधायक फूल कुंवर, प्रदेश महासचिव अरशद अली गुड्डू, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष स्वप्निल शर्मा, प्रदेश सचिव अनूप वर्मा, पीलीभीत जिलाध्यक्ष हरप्रीति सिंह चब्बा, शहर अध्यक्ष अभिनव गुप्ता उर्फ गोल्डी शामिल रहे। कांग्रेस का यह प्रतिनिधि मंडल शाम करीब तीन बजे बिटिया के घर पहुंचा। इसके बाद पीड़ित परिवार से आधे घंटे तक अकेले में वार्ता की। इसके बाद परिवार को जल्द न्याय दिलाने की बात कहकर लौट गया। जिलाध्यक्ष ने बताया के पार्टी हाईकमान को फोन से रिपोर्ट दे दी गई है। बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद की ओर से रिपोर्ट भी जाएगी।
सरकार फेल, इसीलिए हो रहीं हैं ऐसी घटनाएं- जफर अली नकवी
पीलीभीत। प्रतिनिधि मंडल में शामिल पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आरोपियों को चार दिन बाद भी पकड़ा नहीं गया है। सरकार की ओर भी कोई सहायता नहीं दी गई है। परिवार भी संतुष्ट नहीं है। प्रियंका गांधी की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण नहीं आ सकीं। सरकार पूरी तरह से फेल है। इस सरकार में ऐसी घटनाएं लगातार हो रहीं हैं। सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही है। जंगल राज हो गया है। लोग मारे जा रहे है। कांग्रेस पार्टी हमेशा पीड़ितों के साथ रहीं है। हमेशा आर्थिक मदद की है। इस परिवार को भी आर्थिक मदद की जाएगी।