आशा कार्यकत्री कल्याण एसोसिएशन के तत्वावधान में आशा बहुओं ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर दस हजार रुपये मानदेय दिलाने, ड्रेस का रंग बदलवाने आदि की मांग की।
एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष प्रेम माधुरी गंगवार के नेतृत्व में तमाम आशा बहुएं बुधवार को जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुईं। यहां हुई सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि आशा बहुओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। आशाओं को मिल रहे मानदेय से परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। इन सबके बावजूद मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। सभा के बाद आशा बहुओं ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर सीएमओ को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आशाओं को दस हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिलाने, मोबाइलफोन/लैपटाप दिलाने, मलेरिया दवा वितरण पर प्रतिदिन 180 रुपये दिलाने, प्रशिक्षण के दौरान पारिश्रमिक दिलाने, अतिरिक्त कार्य न कराने, ड्रेस का रंग बदलवाने, सीएचसी के संविदा कर्मियों द्वारा किए जा रहे शोषण पर अंकुश लगवाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अलका सिंह, धर्मवती, चमनआरा, मिथलेश, माया, रोजी सिंह, सावित्रीदेवी, सुनीता देवी, कमला, सीमा सिंह, कुसुम देवल, आशादेवी, सरितादेवी, कमलेश, लज्जावती आदि शामिल रहीं।