पीलीभीत। भाइयोें को रिश्तों की डोर बांधने के लिए बहनें जब घर बाहर निकलीं तो साधन को लेकर भटकती नजर आईं। रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ाए जाने की व्यवस्था फेल हो गई। ट्रेनों में भी सीट के लिए मारामारी रही। साधन के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। बसों के नहीं मिलने पर मजबूरन लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
रोडवेज बस स्टैंड पर बैठने तक की व्यवस्था नहीं
रोडवेज बस स्टैंड पर शनिवार को यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। बस स्टैंड पर बैठने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इससे यात्रियों को खड़े होकर ही बसों का इंतजार करना पड़ा। शुद्घ पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। स्टैंड के गेट पर गंदगी की भरमार होने से काफी दिक्कत हुई। यात्रियों की सुविधाओं को लेकर लगातार परिवहन निगम की ओर से अनदेखा किया जा रहा है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि कई बार स्टैंड की मरम्मत को लेकर प्रस्ताव भेजा जा चुका है, मगर अभी तक बजट की स्वीकृति नहीं हुई है। नए रोडवेज बस स्टैंड को लेकर जमीन का भी प्रस्ताव कई सालों से लंबित है।
कई रूटों पर बसों का संचालन न होने से लोगों में रोष
पूरनपुर भैया दूज पर पर्याप्त रोडवेज बसों का संचालन न होने पर लोगों को डग्गामार वाहन, प्राइवेट बसों का सहारा लेना पड़ा। कई रूटों पर बसों का संचालन न होने से लोगों को डग्गामार वाहनों का घंटों वाहन का इंतजार करना पड़ा। बसों की व्यवस्था न होने पर लोगों को भारी असुविधा हुई।
खुटार, गोला, शाहजहांपुर, बंडा आदि स्थानों के लिए रोडवेज बसों का संचालन तो होता है। मगर सवारियों के सापेक्ष बसों का संचालन न होने से लोगों को डग्गामार वाहनों पर यात्रा करनी पड़ती है। भैयादूज पर्व पर आवागमन करने वालों की भीड़ रही। मगर कलीनगर, शेरपुर, रुदपुर, माधोटांडा आदि के लिए रोडवेज बस न चलने से परेशानी हुई। खुटार, बंडा की ओर जाने वाले लोगों को डग्गामार वाहनों पर यात्रा करनी पड़ी। कई स्थानों पर वाहनों के इंतजार में घंटो लोग खड़े रहे। प्राइवेट बसों और टाटा मैजिक चालकों ने इसका फायदा उठाकर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां भरी।
रेलवे स्टेशन पर भी उमड़ी भीड़
भैया दूज पर्व को लेकर सुबह टनकपुर और बरेली की ओर से आने वाले वाली ट्रेनों में खासी भीड़ रहीं। इसके अलावा दोपहर में दिल्ली की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में भी बड़ी संख्या में लोग सवार हुए। दिनभर जंक्शन में भीड़ का महौल बना रहा।