पीलीभीत। गैस के दामों में लगातार महंगाई से आम आदमी परेशान है। अगस्त में दो बार कीमतों में बढ़ोतरी होने से अब घरेलू सिलिंडर 902.50 का हो गया है। इससे लोगों के घर का बजट फिर गड़बड़ा गया है। महिलाओं का कहना है कि सरकार बेलगाम महंगाई पर रोक लगाए, वरना लकड़ियां जलाकर खाना बनाने की नौबत आ जाएगी।
लॉकाडाउन में काम धंधा चौपट होने के बाद अभी सुधर भी नहीं पाया कि अब महंगाई ने आम आदमी को रुलाना शुरू कर दिया है। पिछले कई माह से घरेलू सिलिंडर के दाम लगातार बढ़ने से रसोई का स्वाद फीका होता जा रहा है। पेट्रोल डीजल के दाम पहले से ही आसमान छू रहे है। अब घरेलू गैस के दामों लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दिसंबर 2020 में 612 रुपये में मिलने वाला 14 किलो का सिलिंडर 50 रुपये महंगा हुआ था। इसके बाद से लगातार गैस के दामों में बढ़ोतरी होती चली गई। जून 2021 में इस सिलिंडर की कीमत 827 हो गई। इसके बाद भी महंगाई के कदम नहीं रुके और जुलाई में फिर 25.50 रुपये सिलिंडर महंगा हो गया।14 किलो के घरेलू सिलिंडर की कीमत 852.50 रुपये हो गई। इससे आम आदमी महंगाई से परेशान हो गया। जबकि दामों में गिरावट होने के बजाय फिर अगस्त में सिलिंडर की कीमत में 25 रुपये की बढ़ोतरी हो गई। इससे सिलिंडर 877.50 का हो गया। इस महंगाई का दंश एक अगस्त की रात से फिर लागू हो गया। इससे इस बार फिर 25 रुपये बढ़कर 902.50 रुपये का हो गया है। पहले ही महंगाई का दंश झेल रहीं महिलाओं को अब एक बार फिर झटका लगा है। इससे उनका रसोई बजट भी बिगड़ गया है।
सब्सिडी के नाम पर मजाक
घरेलू गैस सिलिंडर में लगातार महंगाई बढ़ रहीं है। दिसंबर 2020 में 612 रुपये में मिलने वाला सिलिंडर अब 902.50 रुपये का हो गया है। जबकि सब्सिडी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। जो आठ माह पहले 18 रुपये मिलती थी। वहीं आज मिल रही है। उपभोक्ताओं के साथ गैस कंपनियां सब्सिडी के नाम पर मजाक कर रहीं है।
जनपद में
कुल एजेंसियां 40
कुल उपभोक्ता 3,93,182
रोजाना गैस वितरण 9,800 सिलिंडर