पीलीभीत। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का शुभारंभ बृहस्पतिवार को किया गया। इसके तहत जनपद की 885 राशन वितरण की दुकानों पर अन्न महोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद के 67290 कार्ड धारकों को पांच किलो यूनिट के अनुसार राशन दिया गया।
जनपद में नोडल अधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल और डीएम पुलकित खरे ने ग्राम चिड़ियादाह में राशनकार्ड धारकों को नि:शुल्क राशन और बैग बांटे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने मोहल्ला मस्जिद पठानी में राशन वितरण की दुकान पर कार्डधारकों को राशन व बैग वितरित किए। सदर विधायक संजय सिंह गंगवार जोशीटोला में राशन वितरण की दुकान पर सामग्री वितरण की। बरखेड़ा विधायक किशनलाल राजपूत ने नगर पंचायत बरखेडा के वार्ड तीन में मोहल्ला ठाकुरद्वारा स्थित सामग्री वितरित की। बीसलपुर विधायक रामसरन वर्माने बिलसंडा ब्लॉक के गांव ईटगांव में सामग्री वितरित की। पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान सामग्री वितरित की। इस मौके पर मौजूद कार्डधारकों से भी राशन डीलर द्वारा प्रति यूनिट पर पूरा राशन दिए जाने कर जानकारी की गई। जिसमें सभी कोई समस्या नहीं बताई। राशन वितरण की दुकानों पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर राशन की दुकान को सजाया गया था। कार्यक्रम के तहत जनपद में 67290 राशनकार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलोग्राम राशन वितरित किया गया। कोविड प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूरनपुर। विधायक बाबूराम पासवान ने गांव कसगंजा, सिमरा, केसोपुर, लुकटिआई, उदरहा, गुलड़िया भूपसिंह, उजहा और नगर की दुकानों पर राशन का वितरण कराया। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख कमलेश्वरी दीक्षित ने अपने आवास पर अन्य महोत्सव मनाया। खंड विकास अधिकारी सर्वेश कुमार, ग्राम पंचायत सचिव वीरेंद्र कुमार, हंसमान दीक्षित मौजूद रहे।
बरखेड़ा। उचित दर विक्रेता दीनदयाल मौर्य, मोहम्मद असलम व मुन्ने बक्श की दुकान पर योजना के लाभार्थियों ने टीवी के माध्यम से प्रधानमंत्री को लाइव प्रसारण सुना। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक किशनलाल राजपूत द्वारा लाभार्थियों को सरकार द्वारा दिए गए बैगों में राशन वितरण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर पूर्ति निरीक्षक नरेश कुमार, नमन प्रताप राजपूत, अमित कुशवाहा, लक्ष्मीकांत भोजवाल, राजकुमार, अनूप जायसवाल मौजूद रहे।
बीसलपुर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बृहस्पतिवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सभी राशन की दुकानों पर निशुल्क अन्न वितरण कार्यक्रम हुआ। नगर की दुकानों पर सभासदों और ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर प्रधानों ने गरीबों को निशुल्क अन्न वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आपूर्ति निरीक्षक वीके मिश्रा ने बताया कि पूरे तहसील क्षेत्र के सभी नगरों और गांवों में इस योजना से संबंधित पंपलेट और पोस्टर भी चस्पा करवाए गए हैं।
अमरिया। अन्न योजना का शुभारंभ शहर विधायक संजय सिंह गंगवार ने कस्बा अमरिया में सस्ते गल्ले की दुकान पर लाभार्थियों राशन बांटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते लॉकडाउन से गरीब परिवारों की रोजी रोटी पर सीधा असर पड़ा। इस दौरान टीवी पर प्रसारित हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को लोगों ने देखा और सुना। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख श्याम सिंह, एसडीएम रामदास सिंह, नायब तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, सचिव रमावीर गंगवार मौजूद रहे।