पूरनपुर। विदेश भेजने के नाम पर एक युवक के साथ धोखाधड़ी की गई। इस आरोप के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें अलग-अलग किस्तों में 24 लाख रुपये और फीस के नाम पर 8750 डालर की ठगी का आरोप है। रुपये मांगने और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सेहरामऊ उत्तरी के गांव हरीपुर किशनपुर निवासी पलविंदर सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के गांव अमरैयाकलां निवासी निंदर सिंह, दलजीत कौर, अनमोल सिंह ने उसके पिता महताब सिंह से मिलकर उसे विदेश जाने की जानकारी की। यह भी कहा कि उसकी पुत्री नवदीप कौर का वीजा लग गया है। नवदीप को विदेश भेजने को एजेंट ने 24 लाख रुपये की मांग की है। आरोप है कि अपनी पुत्री नवदीप कौर से शादी करने की युवक के परिवार वालों से बात कहकर विदेश भेजने के लिए रुपये जमा करने की बात कही गई थी। आरोप है कि पुत्री के विदेश जाने के छह माह काम करने के बाद में पलविंदर को भी विदेश बुलाने की बात कही गई थी। इस पर उसके पिता राजी हो गए। शादी की कागजी औपचारिकताएं पूरी कर सात नवंबर 2019 को छह लाख रुपये नवदीप कौर के खाते में डाल दिए। उसके चाचा हरजिंदर सिंह ने 2.99 लाख रुपये निंदर सिंह के खाते में ट्रांसफर किए। आरोप है कि बाद में 15 लाख रुपये निंदर सिंह को नगद दिए। इसके अलावा 8750 डालर की धनराशि भी भेजी गई। पलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि जब उसने अपनी पत्नी से विदेश ले जाने की बात कही तो वह टालमटोल करने लगी। शादी के ढाई साल बाद उसे विदेश नहीं बुलाया गया। बाद में नवदीप कौर के परिवार वालों ने कहा कि पुत्री को विदेश भेजना था। इसलिए शादी की कागजी औपचारिकताएं निभाई थी। आरोप है कि रुपये देने से मना करने पर धमकी दी जाने लगी। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि पलविंदर सिंह की ओर से गांव अमरैयाकलां निवासी पिंदर सिंह, दलजीत कौर, अनमोल सिंह, नवदीप कौर पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।