पीलीभीत। विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने भले ही योद्धा तैयार कर लिए हों, मगर विपक्षी दल का योद्धा देखने के बाद अपने योद्धा घोषित करने की रणनीति पर भी कुछ दल चल रहे हैं। ताकि उसी की टक्कर का योद्धा मैदान में उतारा जा सके। बसपा भी जातिगत आंकड़ों के मंथन में जुटी है। भाजपा और सपा के उम्मीदवारों का इंतजार है। बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा के कद्दावर नेता अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू को हरी झंडी दिखाई जा चुकी है। तीन सीटों पर अभी उम्मीदवार घोषित होने हैं।
जिले में विधानसभा चुनाव चौथे चरण में है। इसी को लेकर राजनीतिक दल अभी अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर रहे हैं। बसपा की बात करें, तो बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर, पीलीभीत, बरखेड़ा और पूरनपुर में बसपा के पदाधिकारी जातिगत आंकड़ों के आधार पर रणनीति बनाने में जुटी हुई है। चुनाव में भाजपा और सपा अपने उम्मीदवार घोषित करे तो बसपा नाम तय करेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विरोधी दल के उम्मीदवार की क्षमता योग्यता का अनुमान लगाने के बाद और बेहतर उम्मीदवार घोषित करने की रणनीति है। हालांकि अभी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव काफी दूर है। उम्मीदवारों के आवेदन पार्टी हाईकमान को भेजे गए हैं। उम्मीदवारों को लेकर मंथन किया जा रहा है। भाजपा और सपा का उम्मीदवार घोषित होते ही पार्टी उम्मीदवार की घोषणा कर देगी। चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने के लिए पार्टी हाईकमान को आवेदन भेजे गए हैं। भाजपा और सपा के उम्मीदवार उतरने के बाद पार्टी उम्मीदवार घोषित होने की उम्मीद है। जातिगत आंकड़ों पर मंथन चल रहा है। - चंद्रशेखर आजाद, जिलाध्यक्ष बसपा
-------