जिले में गुरुवार से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 57085 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिले के सभी 86 परीक्षा केंद्रों में होने वाली बोर्ड परीक्षा में कोई बवाल न हो, इसको लेकर 859 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चार जोनल मजिस्ट्रेट और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंपी गई। संवेदनशील केंद्रों की जिम्मेदारी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन करीब एक माह से तैयारियों में जुटा था। जिले के 86 परीक्षा केद्रों पर हाईस्कूल में संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या 33,003 और इंटरमीडिएट में 24,082 है। परीक्षाआें को बेहतर ढंग से अंजाम देने को जिले को चार जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया है।
21 संवेदनशील, तीन अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र
86 परीक्षा केंद्रों में से 21 संवेदनशील और तीन अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चार जोनल मजिस्ट्रेट और 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इन सभी को क्षेत्र से संबधित परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों की चाक-चौबंद व्यवस्था
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक दिन पूर्व ही व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर ली गईं। शहर के राम इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज आदि में सीटिंग प्लान तैयार कर कक्षाओं को बंद कर दिया गया। पीने के पानी आदि की भी व्यवस्था कर ली गई।
छह सचल दल करेंगे निगरानी
नकलविहीन परीक्षा संपन्न हो, इसको लेकर छह सचल दलों का गठन किया गया है। यह सचल दल परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। इसमें डीआईओएस, बीएसए, डायट प्राचार्य समेत तीन प्रधानाचार्यों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जोनल मजिस्ट्रेटों के नंबर :
जोन जोनल मजिस्ट्रेट मोबाइल नंबर
नगर पीलीभीत नगर मजिस्ट्रेट 9454415861
तहसील पीलीभीत एसडीएम सदर 9454415862
बीसलपुर एसडीएम बीसलपुर 9454415863
पूरनपुर एसडीएम पूरनपुर 9454415864
नकलविहीन परीक्षा कराने को इंतजाम पूरे
18 पीबीटीपी 4
जिले में नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। यदि किसी भी केंद्र पर कोई गड़बड़ी पाई जाएगी तो तो जांच कराकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। नकल की सूचना कोई भी व्यक्ति कंट्रोल रूम के नंबर 05882-255734 या फिर मोबाइल नंबर 9454457301 पर दे सकता है।
- जेके वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक