बीसलपुर में एसडीओ कार्यालय में ताला डालते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। भाजपाईयों ने शुक्रवार को दोपहर में पावर कॉरपोरेशन के एसडीओ के दफ्तर में ताला डाल दिया। भाजपाइयों का आरोप था कि दोपहर 12 बजे तक एसडीओ का कार्यालय नहीं खुला, तभी उन्होंने विरोध के चलते ताला डाला। हालांकि बाद में एक्सईएन के वार्ता के बाद कार्यालय का ताला खोल दिया गया।
भाजपा के जिला मंत्री आयुष मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 10 बजे से ही पावर कॉरपोरेशन के एसडीओ दफ्तर पर उपभोक्ता अपने काम लेकर पहुंचने लगे थे। दोपहर 12 बजे तक दफ्तर नहीं खुला, तभी कुछ उपभोक्ताओं ने उन्हें फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी। जिला मंत्री उसी समय अपनी टीम को लेकर मौके पर पहुंचे, तब भी दफ्तर नहीं खुला था और उपभोक्ता काम के लिए भटक रहे थे। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया और उन्होंने एसडीओ के विरोध में हंगामा करना शुरू कर दिया। क्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने एसडीओ कार्यालय में अपना ताला भी डाल दिया। आधा घंटे हंगामा करने के बाद कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता अमित कुमार आनंद को ज्ञापन देकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने और कार्यालय में बिलंव से आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों पर कार्यवाही कराने की मांग की। ज्ञापन में अधिकांश पटलों पर कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली के लिए लगाए गए प्राइवेट कर्मचारी हटाने, अघोषित विद्युत कटौती खत्म कराने, अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में बैठने के लिए बाध्य करने, उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर निस्तारण कराने, और उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार करने वाले कर्मचारियों को दंडित कराने की मांगे शामिल की गई हैं। हंगामा करने और ज्ञापन देने वालों में भाजपा के जिला मंत्री आयुष मिश्रा, उमाकांत मिश्रा, कन्हैया भारद्वाज, परमानंद गुप्ता, विमल मिश्रा, रवि सक्सेना, हरीशंकर सैनी, शामिल रहे।
एसडीओ अनुपस्थित नहीं थे बल्कि फील्ड में गए हुए थे। इसकी जानकारी भी मेरे पास थी। ज्ञापन मिला है जो समस्याएं आईं हैं, उनका तत्काल समाधान करा दिया जाएगा।
- अमित कुमार आनंद, एक्सईएन पावर कॉरपोरेशन बीसलपुर