न्यूरिया क्षेत्र में जनकपुरी गांव के पास रविवार रात हुआ हादसा, कार चालक भाग गया
पीलीभीत। ससुराल जाने के लिए घर से निकले बाइक सवार युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा होने के बाद पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। राहगीरों ने कार का वीडियो बना लिया।
हादसा न्यूरिया क्षेत्र के अंतर्गत जनकपुरी गांव के पास हुआ। ग्राम नावकूड़ निवासी दुर्जन लाल ने बताया कि उनका पुत्र 39 वर्षीय लालता प्रसाद की ससुराल न्यूरिया कस्बे में है। रविवार रात करीब आठ बजे लालता प्रसाद बाइक से ससुराल जाने के लिए घर से निकला था। न्यूरिया क्षेत्र में जनकपुरी गांव के पास पहुंचते ही मार्ग पर आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मार्ग पर गिर गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया, लेकिन राहगीरों ने उसकी वीडियो बना ली। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की। लालता प्रसाद के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। ग्रामीण मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
कार की टक्कर से टेंपो पलटा, आठ यात्री हुए घायल
बीसलपुर। बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर गांव जसौली और परासिया के बीच सोमवार को कार की टक्कर लगने से सवारी ले जा रहा टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना बरखेड़ा के गांव गुलडा निवासी ओमपाल ने बताया कि वह सोमवार की दोपहर टेंपो में सवारियां बैठाकर बरखेड़ा से बीसलपुर जा रहा था। रास्ते में गांव परसिया और जसौली के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर टेंपो पलट गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर पीलीभीत की ओर भाग गया। टेंपो में सवार आठ यात्री गंभीर घायल हो गए। इनमें चालक के अलावा कोतवाली क्षेत्र के गांव टिकरी निवासी पंकज कुमार, मीरा देवी, मिथुन कुमार, रेनू देवी, थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव धुरी पट्टी निवासी राजेश कुमार, गांव मवैया निवासी गुड्डी देवी और बरेली के थाना नवाबगंज के गांव यासीन नगर निवासी सितारा बेगम शामिल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना पर कोतवाल संजीव शुक्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस के माध्यम से सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।