पीलीभीत। नगर पालिका पीलीभीत में कार्यरत एक महिला सफाई कर्मचारी के गले से चेन छीनने की घटना का सुनगढ़ी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल बाल अपचारी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के पास से चेन भी बरामद कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारुख निवासी मंजू पत्नी स्वर्गीय छोटेलाल नगर पालिका पीलीभीत में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। 21 फरवरी की शाम वह सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के वल्लभनगर रोड पर सफाई कार्य कर रही थीं। इसी दौरान मौर्य मार्केट के पास एक गली से पैदल गुजरते समय एक किशोर ने अचानक उनके गले में पड़ी सोने की चेन पर झपट्टा मारा और उसे छीनकर मौके से भाग गया। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी।
सुनगढ़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी बाल अपचारी है, जिसे हिरासत में लिया गया है। नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
-
मोबाइल गेम में 80 हजार रुपये हार जाने की वजह से छीनी थी चेन
महिला सफाई कर्मी के गले से सोने की चेन छीनने वाला 15 वर्षीय बाल अपचारी जहानाबाद क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। पूछताछ में उसने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि वह मोबाइल में ऑनलाइन गेम खेलता है। वह गेम में 80 हजार रुपये हार गया था। इसके बाद से उसे परिवार की डांट का डर सता रहा था। इस वजह से उसने शहर में पहुंचकर घटना को अंजाम दिया। आरोपी को पूछताछ के बाद किशोर न्यायालय में पेश करने के बाद किशोर सदर भेज दिया गया। संवाद