पूरनपुर चीनी मिल में ज्ञापन देते भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ता।स्रोत:पदाधिकारी
पूरनपुर। भाकियू (चढूनी) ने गन्ना मूल्य बढ़वाने सहित गन्ना किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को चीनी मिल के जीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो के नेतृत्व में चीनी मिल पहुंचे कार्यकर्ताओं ने गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर चीनी मिल जीएम टीपी पाल को तीन सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गन्ना मूल्य 360 रुपये से बढ़वाकर 460 रुपये कराने, चीनी मिल खराबी से बंद होने पर मिल गेट पर पहुंचे किसानों की गन्ना तौल कराने, गन्ना मूल्य का भुगतान 15 दिन में शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि गन्ना मूल्य 360 रुपये होने से किसानों का खर्चा पूरा नहीं निकलता। चीनी मिल बंद होने पर तौल बंद होने से किसानों का गन्ना सूखता है। ज्ञापन में समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। ज्ञापन देने वालों में सुखजीत सिंह औलख, पवनदीप सिंह आदि थे।