बीजेपी नेता संजय गंगवार के घर भैयादूज मनाने गई उनकी बहन के घर से चोरों ने दिनदहाड़े ताले तोड़कर नकदी जेवरात सहित करीब तीन लाख का लाख का माल चोरी कर लिया। सूचना पर सीओ, कोतवाल, डॉग स्क्वाइड व फिंगर एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। वहीं न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव के एक घर से नकदी व सामान का संदूक चोरी हो गया।
शहर के तिरुपति गोल्डन पार्क निवासी संजय कुमार शुक्रवार सुबह गांव गए थे जबकि उनकी पत्नी मिथलेश कुमारी घर में ताला लगाकर संजय रॉयल पार्क निवासी अपने भाई भाजपा नेता संजय गंगवार के घर भैयादूज मनाने गई थीं। बंद घर देख चोर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे में रखी अलमारी खोलकर 20 हजार रुपये नकद, सोने की चार चूड़ियां, चार अंगूठी, सोने की चेन, चांदी के बर्तन, घर में ही बने मंदिर में रखे चांदी के सिक्के, चांदी की प्लेट और गिलास आदि चोरी कर ले गए। दोपहर करीब दो बजे जब मिथलेश कुमारी घर पहुंची तो मेन गेट का टूटा ताला और पंखे चलते देख हैरान रह गई। कमरे में जाकर देख तो अलमारी खुली देख मजरा समझ में आते देर नहीं लगी। उन्होंने अपने भाई, पति एवं पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
जानकारी होने पर कुछ देर में सीओ सिटी सुखवीर सिंह, कोतवाल संग्राम सिंह, चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह, डॉग स्क्वाइड व फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर वालों से घटना और चोरी गए सामान की जानकारी ली वहीं फिंगर एक्सपर्ट टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी ने बताया कि दिनदहाड़े चोरी की घटना चिंता का विषय है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
....किसी जानकार का हाथ तो नहीं
तिरुपति गोल्डन पार्क में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में किसी परिचित का हाथ प्रतीत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। घटना को अंजाम देने वालों को गृहस्वामी के गांव व महिला के भैयादूज मनाने भाई के घर जाने की जानकारी रही होगी।
बिथरा गांव के घर से संदूक उड़ाया
न्यूरिया। थाना क्षेत्र के गांव बिथरा निवासी बाबूराम के घर से चोरों ने रात को एक संदूक चोरी कर लिया। शुक्रवार को सुबह जब बाबूराम की पत्नी संदूक से कुछ सामान निकलने गई थी तो संदूक न मिलने पर घर वालों को जानकारी दी। काफी तलाश के बाद भी संदूक न मिलने पर उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा गया कि बृहस्पतिवार की रात चोरों ने घर में घुसकर कमरे में रखा संदूक चोरी कर लिया जिसमें 52 सौ रुपये नकद, सोने की एक चेन, एक जोड़ी पायल और कपड़े रखे गए थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ दलवीर सिंह ने बताया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।