पीलीभीत/पूरनपुर। धान की सरकारी खरीद के पहले दिन पूरनपुर मंडी समिति के अधिकांश खरीद केंद्रों पर मात्र बैनर ही लटकते नजर आए। कांटा-बांट, कुर्सी-मेज, ई-पॉश मशीन और नमी मापक यंत्र नहीं दिखे। देहात में तो अधिकांश धान खरीद केंद्रों के बैनर भी पहले दिन नहीं लग पाए। डिप्टी आरएमओ, मंडी समिति सचिव को निरीक्षण में स्वीकृत स्थानों पर धान खरीद केंद्र के बैनर लगे नहीं मिले। हालांंकि शहर की मंडी समिति परिसर के अधिकांश केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखीं। एक-दाे केंद्राें पर बैनर टांगा जा रहा था। पूरनपुर और कलीनगर तहसील क्षेत्र में 42 खरीद केंद्र स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 24 खरीद केंद्र मंडी परिसर में, जबकि 11 मंडी समिति क्षेत्र में और सात शाहजहांपुर से पूरनपुर तहसील में जोड़े गए 94 गांव में स्वीकृत हैं। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये और ग्रेड ए धान का मूल्य 2389 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है।
शुक्रवार से धान खरीद की शुरूआत तो हो गई, लेकिन मंडी समिति के अधिकांश खरीद केंद्रों पर सिर्फ बैनर लटकते रहे। डिप्टी आरएमओ विजय कुमार और मंडी समिति सचिव सर्वेश शुक्ला ने धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में निर्धारित स्थानों पर खरीद केंद्रों के बैनर लगे न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही निर्धारित स्थानों पर खरीद केंद्र लगाने की चेतावनी दी। पीसीएस के जिला प्रबंधक योगेश कुमार, यूपीएसएस के जिला प्रबंधक सुशील कुमार ने भी मंडी समिति पहुंचकर खरीद केंद्रों की जानकारी की।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद की जाएगी। अभी धान मेंं 28 से 30 प्रतिशत तक नमी है। उन्होंने बताया कि गांवों में धान खरीद केंद्रों की जीपीएस कैमरों से फोटो सहित लोकेशन मंगवाई जा रही है।