पूरनपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं और मंदिरों को निशाना बनाने के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। बाद में भारतीय बजरंग दल के नेताओं ने ज्ञापन लेने के लिए किसी अफसर के न पहुंचने पर तहसील और एसडीएम कार्यालय के कक्षों पर तालाबंदी कर दी। कोतवाल ने टीम के साथ मौके पहुंचकर नाराज लोगों को शांत किया।
बांग्लादेश में हिंदुओं और मंदिरों को निशाना बनाने के विरोध पर भारतीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक मिश्रा और जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को देने के लिए उनके कार्यालय के बाहर पहुंचे। किसी अफसर और कर्मचारी के ज्ञापन लेने के लिए न आने पर कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
कार्यकर्ताओं ने एसडीएम और तहसील कार्यालय के कक्षों में कर्मचारियों और अन्य को बाहर निकालकर ताले डाल दिए। मुख्य गेट पर भी तालाबंदी कर दी। करीब एक घंटे बाद कोतवाल के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने नाराज कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। आक्रोशित कार्यकर्ता शांत तो हुए, लेकिन ज्ञापन लेने के लिए किसी अफसर को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
बाद में नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे। तब पदाधिकारियों ने पहले एसडीएम से मोबाइल पर बात कराने के लिए कहा। बाद में एसडीएम से मोबाइल पर ज्ञापन लेने के लिए किसी अफसर, कर्मचारी के न पहुंचने पर रोष व्यक्त किया और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदुओं और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। इस मौके पर विवेक मिश्रा, संजय मिश्रा, धनंजय मिश्रा, अशोक राठौर, अभिषेक त्रिपाठी, अमित सिंह, विकल्प मिश्रा आदि मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल ने भी सौंपा ज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी बांग्लादेश में हिंदुओं और मंदिरों को निशाना बनाए जाने के विरोध में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीदार ऋषि दीक्षित को सौंपा। ज्ञापन में हिंदुओं और मंंदिरों की सुरक्षा की मांग की गई। साथ ही हिंदुओं को भारत बुलाने की मांग की। इस मौके पर डॉ. दयाल विश्वास, शिवम भदौरिया, विधिओम सिंह, लक्ष्य बाबा, प्रेमपाल वर्मा, हरमीत सिंह लाली, आंचल चौहान आदि मौजूद रहे।
पूरनपुर में एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करते हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता।- संब
पूरनपुर में एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करते हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता।- संब