पूरनपुर में एसडीएम कोर्ट के बाहर एकत्र सिख संगत के लोगों को समझाते कोतवाल।संवाद
पूरनपुर। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष का शांतिभंग की आशंका में चालान करने की जानकारी पर सोमवार को काफी संख्या में सिख एसडीएम कोर्ट पहुंच गए। पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। सिख समुदाय की गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में हुई बैठक में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए रोष व्यक्त किया गया।
होटल संचालक से शुक्रवार को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज कर धमकाने, केश पर टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने घुुंघचाई थाना के गांव खानपुर चुकटिहाई निवासी गुरनाम सिंह की ओर से बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा के खिलाफ शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की थी। इससे पहले गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान रणजीत सिंह, पूर्व प्रधान बलजीत सिंह खैहरा के नेतृत्व में सिख समाज का प्रतिनिधि मंडल कोतवाली पहुंचा था।
सोमवार को पुलिस ने संजय मिश्रा को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार एसडीएम कोर्ट को चालान किया। इसकी जानकारी पर एसडीएम कोर्ट के बाहर पहुंचे सिख संगत के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस जानबूझकर आरोपी को जेल नहीं भेज रही।
वहीं, पुलिस का कहना था कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके बाद सोमवार को गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में सिख संगत की हुई बैठक में पुलिस कार्रवाई को लेकर रोष व्यक्त किया गया।
कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि गुरनाम की तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही। हंगामा कर रहे लोग बेवजह पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।