पीलीभीत। जिले के परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में 22 अगस्त से बैगलेस-डे की शुरुआत होगी। अभियान 14 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को बच्चों को स्कूल बैग और किताबों के बोझ से मुक्त रखते हुए उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, संवाद कौशल, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने पर जोर रहेगा।
जिले में 1495 परिषदीय विद्यालय हैं। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि बैगलेस-डे का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबों और कक्षा शिक्षण तक सीमित न रखकर गतिविधियों एवं व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से सीखने का अवसर देना है। इसके लिए विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चे इन गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी कर सकेंगे।
अभियान के तहत हर शनिवार बच्चों के लिए अलग गतिविधि निर्धारित की जाएगी। इनमें खेल, कला, रचनात्मक कार्य, संवाद और अन्य व्यावहारिक गतिविधियों को शामिल किया जाएगा। शिक्षक भी बच्चों के साथ सक्रिय रूप से भाग लेते हुए उनकी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का प्रयास करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को सामान्य दिनों की तरह भारी स्कूल बैग लेकर विद्यालय नहीं आना होगा।