पीलीभीत। स्कूल फीस और ड्रेस के रुपये मांगने पर परिवार में विवाद हो गया। इस पर गुस्साए 60 साल के दादा ने अपने 12 साल के पोते और 35 साल के बेटे के ऊपर मंगलवार भोर में सोते वक्त तेजाब डाल दिया। इसमें वह गंभीर रुप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना के दूसरे दिन मामला पुलिस तक पहुंचा तो खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार से जानकारी करने के बाद आरोपी की पत्नी की ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इधर, तेजाब से झुलसे पिता-पुत्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक बेटा तो तीस फीसदी झुलसा है, जबकि उसका पिता 50 फीसदी से अधिक झुलस गए हैं।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के ललपुरिया गांव निवासी सुखरानी ने बताया कि उनके पति निरंजन जोकि शराब पीने के आदी हैं। उनका 38 वर्षीय बेटा शेर सिंह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। उसका 12 वर्षीय बेटा धर्मेंद्र कक्षा छह का छात्र है। इस साल उसका एक प्राइवेट स्कूल में एडमिशन कराया है। सोमवार शाम सात बजे धर्मेेंद्र ने अपने पिता शेर सिंह से स्कूल की ड्रेस और फीस के लिए रुपये देने को कहा, तो पिता ने अपने पिता निरंजन से बच्चे की फीस और ड्रेस के रुपये मांगे, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और झगड़ा भी हुआ। किसी तरह मामले को शांत कर दिया। मंगलवार भोर में तीन बजे सुखरानी भैंस का गोबर साफ कर रही थी। घर के बरामदे में शेर सिंह और उसका बेटा धर्मेेंद्र सो रहा था। तभी अचानक निरंजन आ धमका और बोतल में भरा तेजाब दोनों के ऊपर डाल दिया। शरीर और चेहरे पर तेजाब पड़ने से मची चीख पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोग आ गए। इस पर आरोपी दादा मौके से भाग गया। ग्रामीणों की मदद से झुलसे हुए पिता- पुत्र को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। परिवार वालों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी। जिला अस्पताल में भर्ती होने के बाद बुधवार को जब अस्पताल की ओर से मेमो थाने पहुंचा। तो पुलिस को मामले की जानकारी हुई। इस पर इंस्पेक्टर न्यूरिया जगत सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। और घटना की जानकारी ली तो झगड़ा बच्चे की स्कूल फीस और ड्रेस के रुपये लेकर आया। शर्मसार करने वाली इस घटना के वायरल होने के बाद आरोपी की पत्नी सुखरानी अपने पति के खिलाफ न्यूरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 326 के तहत आरोपी निरंजन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों झुलसे हुए पिता-पुत्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- इस मामले की जांच चल रही है। अभी तक की जांच में पता लगा है कि पौत्र की फीस और ड्रेस के रुपये को लेकर विवाद हुआ था। उसी रात सोते वक्त तेजाब से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया गया। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ जांच चल रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं - लल्लन सिंह, सीओ सदर