17 दिन से जारी है नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन
आंगनबाड़ी वर्कर का नेहरू पार्क में चल रहा धरना प्रदर्शन 17वें दिन भी जारी है। मांगे पूरी न होने पर अब आंगनबाड़ी वर्कर ने शुक्रवार को सभी सीडीपीओ कार्यालय में तालाबंदी कर घेराव का निर्णय लिया है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहायिका संघ के तत्वावधान में जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्य बहिष्कार कर नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन कर रही हैं। बृहस्पतिवार हो हुए धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष वीरबाला ने कहा कि 17 दिन से चल रहे आंदोलन के बाद भी शासन से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। हमारा मानदेय बढ़ाना तो दूर चार माह से मानदेय भुगतान भी नहीं किया गया है। जिससे हमें धरना प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बाद भी कुछ सुपरवाइजर एवं सीडीपीओ आंगनबाड़ी वर्कर को परेशान कर रही हैं। इसलिए मजबूर होकर अब शुक्रवार को सभी सीडीपीओ कार्यालय की तालाबंदी कर घेराव किया जाएगा। महामंत्री निर्मल कौर ने कहा कि आंगनबाड़ियों का मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर रीमा महेश्वरी, दुर्गा देवी, नंदरानी, उपासना गौतम, सुजाता, नीता रानी, शकुंतला सक्सेना, सुषमा, आसमां, रामकुमारी, विभा जायसवाल, निर्मला शर्मा, विनोदा देवी, पूूर्णिमा, रजनी सक्सेना सहित कई महिलाएं थीं।