अमरिया कस्बे में मंगलवार की रात हादसा हो गया। यहां रामलीला मंचन के दौरान करंट लगने से कलाकार की मौत हो गई। बताया गया है कि मंच के पीछे गेट पर बिजली का तार टच होने से करंट प्रवाहित हो रहा था।
पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला के मंचन के दौरान एक कलाकार को करंट लग गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सीएचसी ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृतक घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई से इन्कार कर दिया और शव लेकर घर चले गए।
विज्ञापन
अमरिया कस्बे के रामलीला मैदान पर 10 दिन पूर्व लीला मंचन का आयोजन शुरू हुआ। मंगलवार की रात कुंभकर्ण वध का मंचन चल रहा था। जिसमें मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव महरौली निवासी नेमी (28) पुत्र गोपाल व उसके भाई धर्मपाल व कान्हा भी मंचन करने आए थे। नेमी जोकर के रोल निभा रहा था।
गेट खोलते ही लगा तेज करंट
रात करीब 12 बजे मंचन के दौरान नेमी मंच के पीछे लगे गेट के पास पहुंचा। गेट खोलते ही उसे तेज करंट लगा। बचाने पहुंचे भाई कान्हा और धर्मपाल को भी हल्का करंट लगा। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायल को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।