पीलीभीत। जिले में 100 से अधिक एथलीट ऐसे है जो पदक जीतकर लाने का जज्बा रखते हैं। मगर पिछले दस वर्ष से जिले में एथलीट का कोई कोच नहीं था। पहली नवंबर को कोच के रूप में दयावती ने ज्वॉइन किया तो खिलाड़ियों के चेहरे खिल गए। अब जरूरत है तो सिर्फ ट्रैक को ठीक कराने और जरूरत भर के खेल सामान उपलब्ध कराने की। अगर यह सुविधा भी मिल गई तो जिले के खिलाड़ी देश और प्रदेश में पदक जीतेंगे और ओलंपिक तक जाने के लिए तैयारी कर सकेंगे। गांधी स्टेडियम के एथलीट के साथ संवाद में यही बातें उभर कर सामने आईं हैं। संवाद में कोच दयावती और कोच के तौर पर अब तक निशुल्क सेवाएं देने वाले सतीश कुमार भी मौजूद रहे।
कुछ एथलीट तो ओलंपिक तक जाने के इरादे रखते हैं। अभी तक कोच न होने से दिक्कत थी। अब मैं समस्याओं का समाधान कराऊंगी। इन्हें बेहतर प्रशिक्षण के साथ आगे बढ़ाऊंगी।
- दयावती, कोच
मैं दो वर्ष से आ रही हूं। कोच न होने से दिक्कत आ रही थी लेकिन अब स्थिति बदली है। उम्मीद है कि आगे और सुधार दिखेगा। - प्रियांशी राठौर, खिलाड़ी
मैं 400 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर तक जीतना चाहती हूं लेकिन कोई गाइडेंस देने वाला नहीं था। अब मुझे कोच आने से हिम्मत मिली है। - कोमल राठौर, खिलाड़ी
ग्राउंड बेहतर हो और बुनियादी सुविधाएं मिल जाएं तो खिलाड़ी जनपद का नाम रोशन करने में पीछे नहीं हैं। - अभिषेक मिश्रा, खिलाड़ी
मेरे समेत कई खिलाड़ी जरूरी सामान न मिलने का मुद्दा उठा चुके हैं। अब अगर अधिकारी इस ओर ध्यान देते हैं तो बेहतर स्थिति सामने आएगी। - देव कुमार, खिलाड़ी
मैं मिल्खा सिंह से प्रेरित हूं और ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने का इरादा रखता हूं। अधिकारी खिलाड़ियों से नियमित संवाद करें और समस्याओं का समाधान कराएं। - विश्वजीत विश्वास, खिलाड़ी
मेरा आर्मी में जाने का सपना है। इसके लिए मैं साधनों की कमी के बावजूद अपना अभ्यास जारी रखता हूं। खिलाड़ियों को हर चुनौती में बेहतर कर दिखाने का जज्बा रखना होगा। - धीरेश विश्वास, खिलाड़ी
मैं सेना में जाने का सपना रखता हूं और इसके लिए हर रोज प्रैक्टिस कर रहा हूं। अधिकारी अगर ध्यान दें तो हर समस्या का समाधान संभव है। - सोहेल पटेल, खिलाड़ी
क्रीड़ा अधिकारी बोले- अब सामान भी मिलेगा, ट्रैक भी ठीक होगा
पीलीभीत। स्टेडियम के क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि कोई कोच न होने की वजह से दिक्कत थी लेकिन पहली नवंबर से कोच आ गईं हैं तो एथलेटिक्स की प्रैक्टिस करने वालों के लिए अब कोई कमी नहीं रहेगी। ट्रैक बारिश में हुए जल भराव से खराब हो गया था। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी से बात हो गई है। वह जल्दी से जल्दी जल भराव की समस्या का समाधान कराएंगे।