पीलीभीत। गेहूं की खरीद शुरू होने से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के जिला प्रबंधक शिव अवतार कुशवाहा को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। संघ के क्षेत्रीय प्रबंधक ओमेंद्र कुमार भी घटनाक्रम की जानकारी लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोप लगने के बाद प्रबंध निदेशक ने वृहस्पतिवार रात जिला प्रबंधक को निलंबित कर दिया।
अतिरिक्त कार्यभार बरेली के जिला प्रबंधक श्यामा प्रसाद द्विवेदी को सौंपा गया लेकिन अभी निलंबित जिला प्रबंधक के संबद्धीकरण और विभागीय जांच संबंधी आदेश मुख्यालय से आने का इंतजार है। उन पर लगे आरोपों की विस्तृत जांच की जाएगी।
नौगवा पकडिय़ा गांव स्थित उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के कार्यालय पर बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन टीम ने शिकायत मिलने पर छापा मारा था। स्थानीय प्रबंधक से एंटी करप्शन टीम ने एक घंटे तक पूछताछ की। कार्यालय की तलाशी ली पर कहीं रिश्वत के रुपये नहीं मिले। पूछताछ के बाद एंटी करप्शन टीम लौट गई थी। देर रात संघ के एमडी ने जिला प्रबंधक को निलंबित कर दिया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ओमेंद्र कुमार ने शुक्रवार को कार्यालय पहुंचकर जिला प्रबंधक समेत कई कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली। कर्मचारियों ने रिश्वत के मामले में सिर्फ फंसाने की बात कही है, लेकिन क्षेत्रीय प्रबंधक का कहना है कि विस्तृत जांच की जाएगी। एमडी स्तर से आदेश जारी होंगे।
कुछ लोगों ने सिर्फ अफवाह फैला दी थी। इसी पर टीम आई और पूछताछ के बाद लौट गई। जिला प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। अब विभागीय जांच होगी। रिश्वत का आरोप लगाने वाला व्यक्ति भी नहीं आया। विस्तृत जांच के दौरान उनके भी बयान लिए जाएंगे, ताकि सभी बातें स्पष्ट हो सकें। - ओमेंद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली