पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र के खेड़ा गांव में देवस्थल के समीप संचालित शराब की दुकानों को लेकर भड़के महिलाओं के आक्रोश के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन अब केवल तोड़फोड़ की घटना तक सीमित न रहकर महिलाओं के विरोध के पीछे की वास्तविक वजहों को भी समझने का प्रयास करेगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम सोमवार को गांव पहुंचकर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और नाराजगी के कारणों की पड़ताल करेगी।
बताया जाता है कि पीपल के पेड़ के नीचे बने देवस्थल के पास देसी शराब और अंग्रेजी शराब की दुकान संचालित हैं। ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि धार्मिक स्थल के निकट शराब की दुकानें होने से सामाजिक और धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर अब इन शिकायतों की सत्यता और महिलाओं की नाराजगी के कारणों की पड़ताल की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह समेत अन्य अधिकारियों की टीम भी सोमवार को गांव का दौरा कर महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद करेंगी। अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगी।
-
शराब नष्ट किए जाने के मामले में लाइसेंसधारकों ने उठाई कार्रवाई की मांग
दूसरी ओर, शराब दुकानों में तोड़फोड़ और शराब नष्ट किए जाने के मामले में संबंधित लाइसेंस धारकों सुमन शर्मा और सुशील जायसवाल की ओर से कार्रवाई की मांग की गई है। महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायती पत्र भी सौंपा गया है। जहानाबाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
डीएम बोले : हर पहलू की होगी जांच
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शराब की दुकानों में हुई तोड़फोड़ की घटना की जांच के साथ-साथ महिलाओं के आक्रोश के मूल कारणों को समझना भी जरूरी है। इसके लिए एडीएम सदर व अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर भेजी जा रही है। टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।