पीलीभीत। अपनी हास्य कला से दर्शकों को गुदगुदाने वाले अभिनेता राजपाल यादव पीलीभीत के रास्ते अपनी राजनीतिक जमीन तलाश कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में भी उनकी सक्रियता रहेगी और वह लोकसभा चुनाव भी लड़ने के मूड में हैं। शुक्रवार को बांसुरी महोत्सव में शामिल होने आए अभिनेता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा आज नहीं तो दस साल बाद बनूंगा सांसद ही। चुटीले अंदाज में बोले, पीलीभीत की हालात देखकर लगता है बीस साल पहले ही यहां की राजनीति में आ जाना चाहिए था।
शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र के गांव कुंडरा के निवासी राजपाल यादव इन दिनों पीलीभीत क्षेत्र में अपनी पहुंच बढ़ा रहे हैं। शुक्रवार को शुरू हुए बांसुरी महोत्सव में वह शामिल हुए। इससे पहले वह सपा के एक नेता के कार्यालय पहुंचे। करीब बीस मिनट वहां रुकने के बाद एक होटल पहुंचे। बता दें कि कुछ साल पहले राजपाल यादव सर्व सम्भाव पार्टी (एसएसपी) बनाई थी। पार्टी के सवाल पर बोले कि पार्टी धीरे-धीरे मुख्य धारा में आएगी। एक सवाल के जवाब में बोले कि पीलीभीत प्राकृतिक धरोहरों से संपन्न है, लेकिन उस तरह की पहचान नहीं मिल पा रही है। जिसकी जरूरत है। उनको गर्व है कि वह रुहेलखंड की भूमि से हैं। इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करेंगे। कहा, अभिनय के बाद अब आखिरी पड़ाव राजनीति होगा। पीलीभीत के विकास को लेकर वह खुश नजर नहीं आए। बोले- इससे अच्छी सड़के तो हमारे बंडा में हैं। यहां के हालात देखकर लगता है कि बीस साल पहले ही उनको राजनीति में कदम रख देना चाहिए था। पीलीभीत में वह माबान नाम की एक वेब सीरीज भी बना रहे हैं।